6 जुलाई 2019 - 19:22
तेहरान की चेतावनी, ब्रिटेन ने अगर ईरानी ऑयल टैंकर को आज़ाद नहीं किया तो ईरान भी उसके ऑयल टैंकर को ज़ब्त कर लेगा

ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि ब्रिटिश रॉयल मरीन द्वारा जिब्राल्टर के निकट पकड़े गए ईरानी ऑयल टैंकर को अगर आज़ाद नहीं किया जाता है तो तेहरान को भी ब्रिटिश टैंकर को ज़ब्त कर लेना चाहिए।

गुरुवार को ब्रिटिश मरीन और जिब्राल्टर की पुलिस ने पनामा-झंडे वाले टैंकर को इबेरियन प्रायद्वीप के दक्षिणी तट पर ज़ब्त कर लिया था। सिंगापुर की एक कंपनी इस जहाज़ की मालिक है।

जिब्राल्टर के चीफ़ मिनिस्टर फ़ैबियन पिकार्डो का दावा है कि इस सुपर ऑयल टैंकर को सीरिया के ख़िलाफ़ यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों का उल्लंघन करने के संदेह में पकड़ा गया है।

ग़ौरतलब है कि 2011 में सीरिया संकट की शुरूआत से ही यूरोपीय संघ ने दमिश्क़ पर प्रतिबंध लगा दिए थे, ताकि विदेश प्रायोजित आतंकवाद के ख़िलाफ़ सीरियाई सरकार की लड़ाई को कमज़ोर किया जा सके।

स्पेन कि जो जिब्राल्टर को अपना इलाक़ा समझता है, कहा है कि ब्रिटेन ने ईरानी ऑयल ले जा रहे इस जहाज़ को अमरीका के कहने पर पकड़ा है।

अमरीकी अधिकारियों ने इस जहाज़ को पकड़े जाने का स्वागत किया है।

ईरानी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने तेहरान में ब्रिटिश राजदूत को तलब करके ब्रिटेन की इस हरतक की निंदा की है और इसे एक विनाशकारी क़दम और एक प्रकार की डकैती बताया है।

ईरान की एक्सपीडियेन्सी काउंसिल के सचिव और आईआरजीसी के पूर्व प्रमुख मोहसिन रज़ाई ने ट्वीट करके कहा है कि ईरान को जवाबी कार्यवाही के लिए तैयार रहना चाहिए।

उन्होंने कहा, अगर ब्रिटेन जहाज़ को आज़ाद करने से इनकार करता है तो अधिकारियों की ज़िम्मेदारी है कि वे ब्रिटिश ऑयल टैंकर को ज़ब्त कर लें।

जिब्राल्टर के अधिकारियों का कहना है कि जहाज़ पर सवार 28 कर्मचारियों में से अधिकांश भारतीय हैं। उनसे गवाह के तौर पर पूछताछ की जा रही है न कि संदिग्ध के रूप में। उनका कहना है कि कार्गो और जहाज़ के गंतव्य के बारे में जांच की जा रही है।

मोहसिन रज़ाई की चेतावनी से पहले ही इस तरह का अनुमान लगाया जा रहा था कि ईरान, ब्रिटेन की इस हरकत पर चुप नहीं बैठेगा, बल्कि उसे इसका उचित जवाब देगा।

तेहरान पहले ही यह घोषणा कर चुका है कि अमरीका के दबाव में ईरान के हितों को यूरोप के किसी भी देश ने अगर नुक़सान पहुंचाने की कोशिश की तो उसे उसी अंदाज़ में जवाब दिया जाएगा।